चित्रकूट। तेज धूप व उमस भरी गर्मी को देखते हुए जिला अस्पताल में बुखार, उल्टी दस्त, पेट दर्द व डायरिया के मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। शुक्रवार को बुखार के चलते वृद्धा की मौत हो गई, जबकि नौ मरीज बुखार, डायरिया व उल्टी दस्त के भर्ती हुए।
जिला अस्पताल के ओपीडी में 670 मरीज इलाज कराने को पहुंचे। अस्पताल में मरीजों की भीड़ देखी गई। पहाड़ी थाना क्षेत्र के साईंपुर निवासी राजकुमारी (70) को नाती विष्णु ने बुखार के चलते जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसकी जानकारी होते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजन पुलिस को सूचना दिए बगैर शव घर ले गए।
इसके अलावा अहिरा रैपुरा निवासी उर्मिला देवी (35), कर्का पडरिया निवासी गुरू प्रसाद (22), कसहाई रोड निवासी रामानंद का 14 माह का पुत्र रचित, बनी दुबारी निवासी माता प्रसाद का दो वर्षीय पुत्र शिवम व कर्वी माफी निवासी रामनरेश (40) को बुखार, उल्टी व दस्त के चलते भर्ती कराया गया। इसी तरह एसडीएम काॅलोनी निवासी भगवानदीन की 16 वर्षीय पुत्री किरन, बनाड़ी निवासी प्रकाश सिंह की चार वर्षीय पुत्री श्वेता, शंकर बाजार निवासी राजू (25), रानीपुर भट्ट निवासी सविता (24) को बुखार व डायरिया पीड़ित होने पर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
