Spread the love


सीएम द्वारा निलंबित किए गए अधिशासी अभियंता पर दूसरे अभियंता ने कार्यालय का ताला तोड़कर कब्जा करने का लगाया आरोप

दोनों में विभाग में चार्ज लेने को लेकर चल रहा विवाद

संवाद न्यूज एजेंसी

ललितपुर। सिंचाई निर्माण खंड द्वितीय का चार्ज लेने को लेकर दो अधिशासी अभियंताओं के बीच चल रहा घमासान शनिवार को कोतवाली पुलिस तक पहुंच गया। यहां सिंचाई निर्माण खंड द्वितीय के चार्ज पर तैनात अधिशासी अभियंता ने दूसरे अधिशासी अभियंता पर जबरन कार्यालय का ताला तोड़कर कब्जा कर लेने का आरोप लगाते हुए शिकायत पत्र दिया। कोतवाली पुलिस मामले की जांच कर रही है।

सिंचाई निर्माण खंड द्वितीय के अधिशासी अभियंता सीपी सिंह को करीब डेढ़ माह पहले मुख्यमंत्री के द्वारा निलंबित कर दिया गया था। निलंबन की सूचना मुख्यमंत्री के टविटर हैंडल पर पोस्ट की गई थी। इसके करीब बीस दिन बाद सिंचाई निर्माण खंड द्वितीय का चार्ज सिंचाई खंड के अधिशासी अभियंता भूपेश सुहेरा को सौंप दिया गया था।

इस बीच निलंबित किए गए अधिशासी अभियंता सीपी सिंह सिंचाई निर्माण खंड पहुंचे और निलंबन को लेकर कोर्ट से स्टे मिल जाने की बात कहते हुए कार्यालय में बैठने की बात करने लगे थे। जिस पर विभाग का चार्ज लिए भूपेश सुहेरा ने विभाग की ओर से चार्ज देने या अन्य कोई भी आदेश पत्र न मिलने की बात कहते हुए चार्ज हस्तांतरित करने से मना कर दिया।

चार्ज को लेकर दोनों अधिशासी अभियंताओं के बीच रस्साकसी चलती रही। उधर, शुक्रवार को सीपी सिंह सिंचाई निर्माण खंड द्वितीय पहुंचे और यहां कार्यालय का ताला खोलकर बैठ गए। इसकी जानकारी अधिशासी अभियंता भूपेश सुहेरा ने अपने उच्चाधिकारियों को दी और कोतवाली पुलिस को शिकायत पत्र देकर अधिशासी अभियंता पर बिना किसी विभागीय आदेश के कार्यालय का ताला तोड़कर कब्जा करने का आरोप लगाया। पुलिस इस मामले की जांच करने में लग गई है। दो अधिशासी अभियंताओं के बीच मचे घमासान को लेकर सिंचाई विभाग में तरह-तरह की चर्चा हो रही है।

सिंचाई निर्माण खंड द्वितीय के अधिशासी अभियंता सीपी सिंह को शासन के द्वारा निलंबित करने के बाद हमें विभाग का चार्ज दिया गया था। बिना कोई विभागीय आदेश के सीपी सिंह ने ताला तोड़कर कार्यालय में कब्जा कर लिया। इसकी जानकारी उच्चाधिकारियों को दी गई और पुलिस को शिकायत पत्र दिया गया है। आगे जो भी विभाग का आदेश होगा उसके अनुसार काम किया जाएगा।

-भूपेश सुहेरा, अधिशासी अभियंता सिंचाई खंड

निलंबन को लेकर उच्च न्यायालय ने स्टे दिया है, साथ ही पूर्व की तरह काम करने को कहा है। उच्च न्यायालय के आदेश की कॉपी विभाग को दे भेज दी गई थी। विभाग के द्वारा चार्ज दिया जा चुका है। मैंने कार्यालय का ताला नहीं तोड़ा है। विभाग के कर्मचारी के पास चाबी थी जिससे ताले को तोड़ा गया है। अधिशासी अभियंता भूपेश सुहेरा द्वारा उच्च न्यायालय के आदेश की अवहेलना कर राजकीय कार्य में बाधा पहुंचाई जा रही है।

-सीपी सिंह, अधिशासी अभियंता, सिंचाई निर्माण खंड द्वितीय

अधिशासी अभियंता भूपेश सुहेरा के द्वारा कोतवाली पुलिस को एक शिकायत पत्र दिया गया है। इसमें उन्होंने एक अधिशासी अभियंता पर कार्यालय का ताला तोड़कर जबरन कब्जा करने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जो भी तथ्य निकलकर सामने आएंगे उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी। -हरीशंकर चंद, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *