चित्रकूट। फर्जी ट्रस्ट में नौकरी दिलाने के नाम पर करोड़ों की ठगी करने वाले छह लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से दो कार व दो बाइकें बरामद हुई है। आरोपी गोरखपुर, कुशीनगर व देवरिया जिले के निवासी हैं। मुख्य आरोपी फरार है।
शनिवार को पुलिस कार्यालय स्थित राघव प्रेक्षागार में एसपी वृंदा शुक्ला ने बताया कि शहर में फर्जी तरीके से ट्रस्ट बनाकर युवाओं को नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने की शिकायत पर टीम गठित की थी। एएसपी चक्रपाणि त्रिपाठी व सीओ सिटी हर्ष पांडेय के पर्यवेक्षण में कोतवाली पुलिस टीम ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
कब्जे से दो कार, दो बाइक, आठ मोबाइल व फर्जी कागजात बरामद हुए हैं। एसपी ने बताया कि दस जुलाई को कसहाई गांव निवासी सुशीला देवी पत्नी गिरधारीलाल ने सूचना दिया था कि हावर्ड जागरूकता एजुकेशन ट्रस्ट के कर्मचारी चमरपुर थाना जिला बलरामपुर निवासी विनय कुमार वर्मा आदि नौकरी दिलाने के नाम पर करोड़ो रुपये की ठगी कर फरार हो गए हैं। जिस पर कोतवाली में मामला पंजीकृत किया गया था। अपराध शाखा के निरीक्षक एमपी त्रिपाठी को जांच सौपी गई। पुलिस ने शनिवार को सवेरे चौरा मोड़ से स्विफ्ट डिजायर व बैगनार कार में बैठे आरोपियों की निशानदेही पर रेलवे स्टेशन से चोरी की दो बाइकें बरामद की गई।
पकड़े गए आरोपियों में टोला कतरौन कुसमहा थाना रामाकोल कुशी नगर निवासी अमन जायसवाल व प्रेमचंद्र जायसवाल , भटवा तिवारी थाना खामपार देवरिया निवासी राजा गुप्ता, राबती नगर जनपद गोरखपुर निवासी मनोज कुमार जायसवाल , सहुला खुर्द थाना खजनी गोरखपुर निवासी उपेंद्रनाथ पांडेय व देउरवा थाना कप्तानगंज कुशी नगर निवासी गिरजेश गुप्ता है।
चित्रकूट। एसपी ने बताया कि मुख्य आरोपी मोइला हरपुर थाना कप्तानगंज जनपद कुशी नगर निवासी प्रमोद गुप्ता ने एजुकेशनल ट्रस्ट के नाम से दो शाखाएं अमानपुर व मऊ कस्बे में खोले थे। जिसमें नवम्बर 2022 में काम शुरू किया। 10 जुलाई तक विभिन्न पदों में नौकरी दिलाने के नाम पर हजारों लोगों से पांच करोड़ रुपए अर्जित कर लिए। दस जुलाई को अमानपुर सेंटर के पास से दो बाइकें चुराकर भाग गए। बताया कि सभी लोगों को फर्जी आईडी, नाम मुखिया प्रमोद गुप्ता ने दिए थे। रुपयों का संकलन जिन्हें नौकरी दिया था उन्हीं के बैंक खाते में कराते थे। नकद रुपये निकाल लेते थे। अभी अलग-अलग बैंक खातों में दस लाख रुपये मौजूद हैं। शेष रुपये प्रमोद गुप्ता ले जाकर प्लाटिंग कर रहा है। नया मकान भी गोरखपुर में बनवा रहा है। बताया कि मुख्य आरोपी व उसके दो अन्य साथियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। इसी प्रकार फर्जी नौकरी दिलाने के मामले में मऊ थाने में भी मुकदमा पंजीकृत है। इन्हें गिरफ्तार करने वाली टीम को एसपी ने 25 हजार रुपये इनाम देने की घोषणा की है।
चित्रकूट। धोखाधड़ी करने वालों के पकड़े जाने की जानकारी होते ही महिलाओं की भीड़ एसपी कार्यालय व कोतवाली पहुंची। सभी ने आरोपियों को उनके हवाले करने की मांग की। तनावपूर्ण माहौल में सपा विधायक अनिल प्रधान पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को समझाया। पांच महिलाओं को एसपी से मिलवाकर जल्द उनकी रकम दिलाने का भरोसा दिया। तब स्थिति सामान्य हुई। इस दौरान भारी पुलिस बल मौजूद रहा।
