Spread the love


बेटी ने फांसी लगाकर दे दी थी जान, पिता ने पुलिस को दिया शिकायत पत्र

बोले-युवक के घर उलाहना दिया तो झूठा मुकदमा लिखाने की दी धमकी

संवाद न्यूज एजेंसी

ललितपुर। बीस वर्षीय युवती के फांसी लगाकर आत्महत्या करने के मामले में मृतका के पिता ने मोहल्ले के युवक पर बेटी को कई महीनों से परेशान करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि युवक की प्रताड़ना से परेशान होकर बेटी ने आत्महत्या कर ली। उन्होंने कार्रवाई के लिए कोतवाली पुलिस को शिकायत पत्र दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं सोमवार को युवती के शव का पोस्टमार्टम कराया गया।

तीन सितंबर रविवार की शाम को शहर के एक मोहल्ला निवासी बीस वर्षीय युवती ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। सोमवार को युवती के शव का पुलिस ने पोस्टमार्टम कराया। वहीं मृतक युवती के पिता ने कोतवाली प्रभारी निरीक्षक को एक शिकायत पत्र दिया। जिसमें बताया कि मोहल्ले के एक युवक ने किसी प्रकार उसकी बेटी का मोबाइल नंबर हासिल कर लिया था। वह कई महीने से लगातार बेटी को परेशान कर रहा था। आरोपी युवक बेटी पर शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बना रहा था। उसकी बात न मानने पर तरह-तरह की धमकी भी देता था।

पिता का आरोप है कि परेशान बेटी घर में गुमसुम रहने लगी थी। दो सितंबर को जब उसकी पत्नी ने बेटी से कारण पूछा तो उसने रोते हुए पूरी बात बताई। तब वह लोग आरोपी युवक के घर गए और आरोपी के परिवारवालों को पूरी बात बताई। इस पर आरोपी युवक के परिवार वालों ने अपने पुत्र की गलती मानने से इन्कार किया और उल्टा उसकी बेटी के ही चरित्र को लेकर आरोप लगाए। साथ ही घर में घुसकर डकैती डालने का झूठा मुकदमा लिखा देने की धमकी दी।

जिसके बाद वह लोग घर लौट आए। लेकिन उसकी पुत्री यह सब सहन नहीं कर सकी, रविवार की शाम को उसकी पुत्री ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका के पिता ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

युवती के फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। मृतका के पिता ने शिकायत पत्र दिया है। जिसमें मोहल्ले के एक युवक द्वारा परेशान करने सहित शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बनाने व मना करने पर आत्महत्या को प्रेरित करने जैसे आरोप लगाए हैं। मामले की जांच की जा रही है।

हरीशंकर चंद, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *