गुरुग्राम से मजदूरी कर लौटा था, संख्या पहुंची 12
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। जनपद में डेंगू का एक और मरीज मिला है। हालांकि राहत की बात यह है कि जिसको डेंगू निकला है, वह जनपद में नहीं रह रहा था, वह गुरुग्राम से मजदूरी कर लौटा था। लेकिन स्वास्थ्य विभाग ने मरीज के गांव कारीटोरन में दवा का छिड़काव कर ग्रामीणों की जांच कराई है।
जनपद में डेंगू के मरीजों की संख्या अब 12 हो गई है। 12वां मरीज विकास खंड बार के ग्राम कारीटोरन का प्रकाश में आया है। यह जनपद से बाहर गुरुग्राम में काम करता था, बीमारी के कारण गांव वापस आया था, जहां पर उसकी तबीयत और बिगड़ गई। परिजन उसे झांसी लेकर गए, जहां पर उसकी डेंगू की जांच कराई गई। जिसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसके पहले के सभी 11 मरीज की निगेटिव रिपोर्ट आ गई है। वह वर्तमान में स्वस्थ हैं।
जनपद में पहला मरीज 7 अगस्त को निकला था, इसके बाद अभी एक माह भी पूरा नहीं हुआ है कि जनपद में मरीजों की संख्या 12 हो गई है। जो पिछली साल से काफी अधिक है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. इम्तियाज अहमद ने बताया कि सिर्फ एक मरीज जो नगर का था, उसे यहां पर डेंगू हुआ है।
इसके अलावा बाकी 11 मरीज सभी दिल्ली व अन्य महानगरों में काम करते थे, वहां से बीमार होकर जनपद में आए थे। यहां उनकी डेंगू की पुष्टि हुई है, इससे जनपद में वायरस का संक्रमण दिखाई नहीं दे रहा है।
