चित्रकूट। पुलिस लाइन में चल रही अंतरजनपदीय प्रयागराज जोन पुलिस एलार्म एफीसियंशी रेस एवं राइफल/रिवाल्वर शूटिंग प्रतियोगिता में बांदा की टीम चैंपियन बनी। प्रतापगढ़ व प्रयागराज के प्रतिभागियों का प्रदर्शन संतोषजनक रहा जबकि चित्रकूट, महोबा व हमीरपुर का प्रदर्शन निराशाजनक रहा। मऊ मानिकपुर के अपना दल के विधायक अविनाश चंद्र द्विवेदी व एसपी वृंदा शुक्ला ने विजेताओं को पुरस्कार बांटे।
पुरस्कार वितरण के दौरान विधायक ने कहा कि आज पुलिस पर कार्यभार व जिम्मेदारी बढ़ी है। ऐसे में आपसी खेलकूद प्रतियोगिता से मनोबल व उत्साह बढ़ता है। एसपी ने कहा कि जोन स्तरीय प्रतियोगिता से अच्छा प्रयास करने की प्रतिस्पर्धा होती है। जो जिले के प्रतिभागी इस बार पिछड़ गए हैं, उन्हें अगली बार ज्यादा अभ्यास करने की जरूरत है।
एसाल्ट प्रतियोगिता में बांदा प्रथम, 100 गज राइफल फायरिंग में प्रतापगढ़ के गौरव प्रथम रहे। इसी तरह 200 गज राइफल फायरिंग में महिला आरक्षी बांदा की प्रतिक्षा मौर्या प्रथम, 300 गज में बांदा के आरक्षी कन्हैया प्रथम, 300 गज स्नैप राइफल फायरिंग में प्रतापगढ़ के रविंद्र बघेल प्रथम, 300 गज थ्रीपी रा़इफल फायरिंग में प्रयागराज की शालिनी गौतम प्रथम रहीं।
वहीं, 300 मीटर प्रोन पुरुष राइफल फायरिंग में प्रयागराज के तुफैल खान प्रथम, 300 गज प्रोन महिला में बांदा की प्रतीक्षा मौर्या प्रथम रहीं। 300 मीटर बिग बोर राइफल फायरिंग में बांदा के आरक्षी चंद्रप्रकाश गुप्ता प्रथम, महिला वर्ग में बांदा की प्रतीक्षा मौर्या प्रथम, बेस्ट फायर महिला में बांदा की प्रतीक्षा मौर्या प्रथम रहीं।
15 गज रिवाल्वर पिस्टल फायरिंग में बांदा के राजेश यादव, 50 गज रिवाल्वर में बांदा के राजेश प्रथम, चैंपियनशिप एसाल्ट में बांदा प्रथम रहा। राइफल पुरानी स्पर्धा चैंपियनशिप में बांदा प्रथम, राइफल नई स्पर्धा चैंपियनशिप महोबा प्रथम, पुरानी पिस्टल स्पर्धा चैंपियनशिप मेंं हमीरपुर प्रथम, महिला चैंपियनशिप में बांदा प्रथम व बेस्ट फायर बांदा के राजेश यादव रहे।
