संवाद न्यूज एजेंसी, बांदा
Updated Wed, 06 Sep 2023 12:14 AM IST
बांदा। कॉलेज से लौट रही बीए की छात्रा को कार सवारों ने अगवा करने का प्रयास किया। छात्रा के शोर मचाने पर पड़ोसियों ने दो लोगों को पकड़ लिया। यूपी डायल-112 पुलिस को उन्हे सौंप दिया। जब छात्रा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने पहुंची तो पुलिस ने सुनवाई नहीं की। छात्रा ने मंगलवार को बांदा आकर एसपी को शिकायती पत्र दिया है।
नरैनी कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी अनुसूचित जाति की छात्रा महाविद्यालय में अध्ययनरत है। उसने एसपी को दिए शिकायती पत्र में बताया कि वह 30 अगस्त को महाविद्यालय से पेपर देकर लौट रही थी। तभी बिसंडा गांव के कार सवार छह लोग उसके पास आकर रुके और उसके साथ अश्लील हरकत करते हुए उसे कार में खींचने लगे।
छात्रा के शोर मचाने पर पड़ोसी आ गए। उन्होंने दो लोगों को पकड़ लिया। शेष आरोपी भाग निकले। वह अपने भाई और मां के साथ कोतवाली नरैनी में तहरीर लेकर पहुंची, लेकिन वहां उसकी नहीं सुनी गई। आरोपी उसे व उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। छात्रा ने एसपी से कोतवाली नरैनी में आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की है। नरैनी कोतवाल अरविंद सिंह गौर ने बताया कि छात्रा की ओर मिली तहरीर पर जांच की जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
