बरगढ़। बरगढ़ क्षेत्र में हाईवे पर तेज रफ्तार बोलेरो ने दो बाइकों में टक्कर मार दी। एक बाइक पर सवार दंपती और दूसरी बाइक में सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रयागराज ले जाते समय रास्ते में पति की मौत हो गई। अन्य घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
बरगढ़ थाना क्षेत्र के झांसी-मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित अरवारी नौढि़या के पास प्रयागराज की ओर से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो ने दो बाइकों में टक्कर मार दी। हादसे में नौढि़या निवासी लालचंद्र कोल (42) व उनकी पत्नी कमला (38) घायल हो गईं। दोनों मजदूरी कर लौट रहे थे।
हादसे के बाद भागने के चक्कर में बोलेरो चालक ने दूसरी बाइक में टक्कर मार दी, जिसके चलते नौढिया निवासी रावेंद्र पाल (26) भी घायल हो गया। पुलिस ने तीनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मऊ में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने तीनों को प्रयागराज रेफर कर दिया। प्रयागराज ले जाते समय रास्ते में लालचंद्र कोल की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर परिजनों में कोहराम मच गया।
