पत्नी को शराब बेचने के आरोप में पकड़ने गई थी आबकारी पुलिस, पति ने खा लिया था जहर
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। घर के अंदर अवैध शराब बेचने के आरोप में पकड़ी गई महिला के पति जालम द्वारा जहर खाकर आत्महत्या कर लेने के बाद रविवार को उसका अंतिम संस्कार छह थानों की पुलिस फोर्स की मौजूदगी में कराया गया।
थाना जखौरा के अंतर्गत ग्राम लखनपुरा निवासी जालम राय की पत्नी नैना देवी को शनिवार को आबकारी पुलिस ने घर में अवैध रूप से शराब बेचने के आरोप में पकड़ा था। इसी दौरान वहां पहुंचे महिला के पति जालम राय ने इसे झूठा मामला बताते हुए कहा कि पुलिस पत्नी को ले जाएगी तो गांव में उसकी बेइज्जती हो जाएगी। उधर, जब पुलिस नहीं मानी तो जालम ने जहर खा लिया।
ऐसे में परिजन और पुलिस उसे तुरंत अस्पताल ले गई, जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर कर दिया गया। लेकिन मेडिकल कॉलेज पहुंचते ही डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इससे आबकारी विभाग में हड़कंप मच गया था।
रविवार को जालम राय के शव का झांसी मेडिकल कॉलेज में पोस्टमार्टम कराया गया। शव के गांव पहुंचने पर किसी प्रकार की कोई गड़बड़ी न हो इसे देखते हुए पुलिस अधीक्षक मोहम्मद मुश्ताक ने महिला थाना सहित आधा दर्जन थानाें के प्रभारी व भारी पुलिस फोर्स को ग्राम लखनपुरा में तैनात कर दिया था। पुलिस लाइन से भी पुलिस फोर्स को लखनपुरा भेजकर शांति व्यवस्था कायम रखने के निर्देश दिए गए थे।
शाम को जालम राय का शव गांव लाया गया। यहां भारी पुलिस सुरक्षा व्यवस्था के बीच परिजनों ने अंतिम संस्कार कर दिया।
आईजीआरएस पर की गई शिकायत पर गई थी आबकारी पुलिस
14 सितंबर को आईजीआरएस के जरिए एक ग्रामीण ने जालम राय के घर में अवैध तरीके से शराब बेचे जाने की शिकायत की थी। इसी शिकायत को लेकर आबकारी टीम ग्राम लखनपुरा गई थी। टीम का दावा है कि यहां पर जालम की पत्नी नैना देवी घर में शराब बेचते हुए मिली थी। जिसे आबकारी टीम ने पकड़ लिया था। कार्रवाई चल ही रही थी कि नैना के पति जालम ने जहर खा लिया। इसके बाद उसकी मौत हो गई।
