बांदा। संदिग्ध हालात में गोली लगने से बच्ची घायल हो गई। उसका निजी अस्पताल में इलाज कराया जा रहा है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के किरन कॉलेज क्योटरा निवासी रामखेर वर्मा मकानों में पीओपी कराने का ठेका लेते हैं। उनके पास लाइसेंसी रिवाल्वर भी है। शनिवार की रात करीब नौ बजे घर में उनकी गोद ली गई दो साल की बेटी अनुप्रिया तीन भाइयों के साथ खेल रही थी। खेल-खेल में बच्चे अलमारी से कपड़े निकालने लगे। तभी कपड़ों के ऊपर रखी रिवाल्वर जमीन पर गिर गई, जिससे गोली चल गई। गोली बेड में बैठी अनुप्रिया के पेट के दाहिनी तरफ लगी।
अचानक हुए इस हादसे से परिजनों में चीख पुकार मच गई। अनुप्रिया को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। ड्यूटी में तैनात डॉ. प्रदीप ने इलाज किया। बाद में परिजन डॉक्टर से रेफर कराकर चिल्ला रोड पर स्थित प्राइवेट अस्पताल में इलाज कराने ले गए हैं।
पिता रामखेर वर्मा ने बताया कि उसके तीन पुत्र हैं। उन्होंने साली की बेटी अनुप्रिया को गोद लिया था। उधर, सीओ नितिन कुमार ने बताया कि दुर्घटनावश लोडेड रिवाल्वर से गोली चली है। घायल अनुप्रिया का इलाज किया गया है।
