
नेशनल हाइवे पर जाम लगने के दौरान खड़े ट्रक
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
बांदा-कानपुर नेशनल हाइवे पर देर रात एक ट्रक में दूसरा ट्रक जा भिड़ा। दुर्घटना में खलासी घायल हो गया। हादसे से ट्रक बीच हाइवे पर आ गया, जिससे जाम लगना शुरू हो गया। नौ घंटे तक हाइवे पर करीब तीन किलोमीटर तक वाहन फंसे रहे। दूसरे दिन जेसीबी से ट्रक को हटाया गया, तब फिर गाड़ियां दौड़नी शुरू हुईं।
पपरेंदा-चिल्ला के बीच नेशनल हाईवे पर शनिवार की देर रात चिल्ला अतरहट गांव के पास हाइवे पर एक ट्रक खराब हो गया था। रात करीब दो बजे ललौली चिल्ला की ओर से आ रहे भूसे से लदे ट्रक ने उस खड़े ट्रक में टक्कर मार दी। वह खंती में गिर गया और खराब ट्रक बीच हाइवे पर आ गया।
इस घटना में ललौली निवासी खलासी अरविंद गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया। उधर ट्रक के हाइवे पर फंस जाने से जाम लगना शुरू हो गया। देखते ही देखते काफी संख्या में छोटे बड़े वाहन थमना शुरू हो गए। सुबह तक तीन किलोमीटर से भी ज्यादा दूरी तक वाहन फंसे रहे।
