बाइक सवार सामने आने पर हुआ हादसा
आगरा से सागर जा रहा था ट्रक
अमर उजाला ब्यूरो
पाली (ललितपुर)। ग्राम पंचायत बंगरिया के निकट हाईवे पर अचानक बाइक के सामने आ जाने से आलू से भरा ट्रक पलट गया। इस घटना में बाइक सवार बाल-बाल बच गया लेकिन, ट्रक चालक घायल हो गया। ग्रामीणों ने एंबुलेंस से ट्रक चालक को सीएचसी भिजवाया।
आगरा से आलू भरकर एक ट्रक सागर की ओर जा रहा था। तभी बंगरिया हाईवे पर बने एक अवैध कट से अचानक बाइक सवार सामने आ गया, उसे बचाने के चक्कर में ट्रक अनियंत्रित होकर हाईवे पर पलट गया। हादसे में डिवाइडर पट्टी पर बैठे लोग और बाइक सवार बाल-बाल बचे।
इस घटना में आसपास के लोगों ने ट्रक में फंसे चालक को बाहर निकला और एंबुलेंस से सीएचसी भिजवा दिया। इधर, ट्रक पलटने से उसमें भरीं आलू की बोरियां हाईवे पर फैल गईं। सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने बोरियों को ग्रामीणों की मदद से एक तरफ करवाने के बाद वाहनों का आवागमन शुरू कराया। उधर हाईवे की पेट्रोलिंग टीम हादसे के दो घंटे बाद मौके पर पहुंची।
