Spread the love


मंगलवार को चार नये मरीज मिले, महिला की हालत गंभीर, भर्ती कराया गया

बाकी का स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव में कर रही इलाज

संवाद न्यूज एजेंसी

पाली/ललितपुर। पाली क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बंट में डायरिया के केस थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। मंगलवार को भी चार नये मरीज मिले। इनमें एक महिला की हालत गंभीर है। वहीं तीन मरीजों का गांव में ही इलाज चल रहा है। अभी तक गांव में 52 मरीज इसकी चपेट में आ चुके हैं।

ग्राम बंट में शनिवार को डायरिया ने अपने पैर पसारना प्रारंभ कर दिया था, रविवार देर शाम वहां पर अचानक मरीजों की संख्या बढ़ने लगे। अभी तक गांव में 52 मरीज इसकी चपेट में आ चुके हैं। जिसमें अधिकांश मरीज ठीक होकर घर पहुंच गए हैं। मंगलवार को चार नए मरीज पाये गए, जिनमें से एक पचास वर्षीय महिला तालबेहटबाई को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाकी तीन बीमार बच्चों का इलाज स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव में ही कर रही है। इन बीमार बच्चों में तीन वर्षीय आसिमा, 10 वर्षीय विशाखा व 10 वर्षीय बालक हर्ष शामिल है।

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार पीड़ित परिवारों के घर के समीप जो हैंडपंप लगा हुआ है। उसके आसपास गंदगी है, जिससे हैंडपंप का पानी दूषित हो गया। इस पानी का सेवन करने से लोग डायरिया के चपेट में आए हैं।

पहले भी चार गांवों में फैल चुका है डायरिया

ग्राम बंट से पहले विकास खंड बिरधा के ग्राम धौर्रा व विकास खंड बार के ग्राम डुलावन व विकास खंड मड़ावरा के ग्राम पटना पारौल में डायरिया फैल चुका है। हालांकि स्वास्थ्य विभाग ने समय रहते इस पर काबू कर लिया है।

खुल गई सफाई अभियान की पोल

ग्रामीण इलाकों में सफाई के नाम पर सरकार कई कार्यक्रमों का संचालन कर रही है। जुलाई माह में संचारी दस्तक अभियान जनपद में स्वास्थ्य विभाग ने चलाया था। इसके अंतर्गत बड़े-बड़े दावे किए गए, इस माह के समाप्त होते ही ग्रामीण इलाकों में डेंगू व डायरिया फैलने लगा। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है, सरकारी कार्यक्रम धरातल से ज्यादा कागजों में संपन्न हुए हैं।

बंट में डायरिया के मरीजों में कमी आई है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिरधा की टीम गांव में डेरा डाले हुए है। मंगलवार को एक मरीज जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, बाकी तीन मरीजों का इलाज गांव में ही किया जा रहा है।

-डॉ. इम्तियाज अहमद, मुख्य चिकित्सा अधिकारी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *