चित्रकूट। धोखाधड़ी व जालसाजी कर कई लोगों से 250 ग्राम सोना और लगभग 20 लाख रुपये की ठगी कर भागने वाले दंपती की तलाश में कोतवाली पुलिस को कई सुराग मिले हैं। सूत्रों की मानें तो दोनों को पुलिस ने पकड़ लिया है। इनके पास ठगी के माल की बरामदगी का प्रयास जारी है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा हो जाएगा।
शहर के शंकर बाजार निवासी सराफा व्यापारी रमेश सोनी के अलावा कई स्थानीय लोगों ने 30 अगस्त को कोतवाली में मथुरा के गोपाल सदन निवासी दिनेश कुमार मिश्रा व उसके परिजनों के खिलाफ प्लाट व चेक दिखाकर लाखों की ठगी की तहरीर दी थी। रमेश सोनी के अनुसार, प्लाट दिलाने के नाम पर 225 ग्राम सोना व 12 लाख रुपये उससे ऐंठ लिए। इसके अलावा छह अन्य लोगों से लगभग 12 लाख रुपये इसी प्रकार ऐठें हैं। इसकी कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज है। इस संबंध में कोतवाली पुलिस की टीम के अलावा स्वॉट टीम, सर्विलांस टीम खोजबीन कर रही है। सूत्रों के अनुसार, पुलिस को इसमें सफलता मिल गई है। टीम ने आरोपियों को अन्य जिले से पकड़ लिया है। उनसे पूछताछ जारी है।
इस संबंध में 31 अगस्त को अमर उजाला ने प्रमुखता से खबर को प्रकाशित की थी। कोतवाल अजीत पांडेय ने बताया कि कई टीमें इस मामले में काम कर रही हैं। काफी हद तक सफलता मिल गई है लेकिन अभी पूरा काम नहीं हो पाया है। सोना चांदी व नकदी की बरामदगी का प्रयास पुलिस की अन्य टीमें कर रहीं हैं। जल्द ही पूरे मामले का खुलासा होगा।
