बांदा। मामूली सी बात और पुरानी खुन्नस के चलते चार लोगों ने पिता-पुत्र के ऊपर फरसा बांका से हमलाकर लहूलुहान कर दिया। दाेनों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
तिंदवारी थाना क्षेत्र के अमलीकौर गांव में गणेश उत्सव के दौरान भंडारे का आयोजन किया गया था। यहां सभी ग्रामीण खाना खा रहे थे। तभी गांव का प्रधान सिंह आया और साउंड सर्विस कर्मी मनोज के साथ अभद्रता करने लगा। इस पर गांव के शिवलखन (65) ने उसे मना किया। जिस पर प्रधान सिंह समेत चार लोगों ने शिवलखन व उसके पुत्र भोला सिंह (30) पर फरसा और बांका से हमला बोलकर उसे लहूलुहान कर दिया। दोनों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घायल शिवलखन ने बताया कि गांव के रामआसरे ने अपनी 13 बिस्वा जमीन प्रधान सिंह के पास मार्च माह में सात लाख रुपये में रेहन रखी थी। इस जमीन को शिवलखन ने 10 लाख रुपये कीमत देकर रामआसरे से खरीद ली। इस पर प्रधान सिंह शिवलखन से खुन्नस खाए था। इसी के चलते उसने घटना को अंजाम दिया है। तिंदवारी थानाध्यक्ष कौशल सिंह ने बताया कि शिवलखन की ओर से तहरीर मिली है। रिपोर्ट दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।
