धौर्रा स्टेशन का भी किया निरीक्षण, ग्रामीणों से वार्ता कर उनकी समस्याओं को सुना
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर/जाखलौन। सीआरएस मनोज अरोरा व डीआरएम झांसी ने शुक्रवार को धौर्रा से आगासौद तक नवनिर्मित तीसरी लाइन का निरीक्षण किया। इस लाइन के चालू होने से झांसी से भोपाल तक तीसरी लाइन की सुविधा उपलब्ध हो जाएगी। अभी भोपाल से आगासौद तक व जाखलौन से झांसी तक तीसरी लाइन पर ट्रेन दौड़ रही है।
झांसी सेक्शन में धौर्रा से आगासौद तक तीसरी लाइन का कार्य पूर्ण हो चुका है। 22 किलोमीटर लंबी इस रेल लाइन का निरीक्षण करने के लिए सीआरएस व डीआरएम निरीक्षण करने के लिए शुक्रवार को धौर्रा स्टेशन पर स्पेशल ट्रेन से पहुंचे थे। उन्होंने धौर्रा स्टेशन का निरीक्षण किया, वहां निर्मित फुट ओवरब्रिज का जायजा भी लिया। इसके बाद ट्रॉली से उन्होंने नव निर्मित तीसरी लाइन का निरीक्षण किया।
बताते चलें कि जनपद से गुजरने वाली रेल लाइन दिल्ली व मुंबई के अलावा दक्षिण भारत के हिस्से को भी दिल्ली से जोड़ने का कार्य करती है। दिल्ली से भोपाल तक सफर को गति देने के लिए रेलवे ने तीसरी लाइन का प्रस्ताव रखा था, जिसके चलते झांसी से भोपाल कार्य अब पूर्ण हो चुका है। बीच में आगासौद से धौर्रा स्टेशन तक कार्य अधूरा था, वह भी पूर्ण हो चुका है।
पूर्व में जाखलौन से झांसी तक तीसरी लाइन पर रेल गाड़ियां दौड़ चुकी हैं तो वहीं आगासौद से भोपाल तक भी तीसरी लाइन का कार्य पूर्ण हो चुका है। ट्रेनों के संचालन से पहले सीआरएस व डीआरएम ने इस लाइन का निरीक्षण कर गुणवत्ता को परखा, इसके बाद इस लाइन पर ट्रेन का ट्रायल किया जाएगा, जब सभी मानकों पर लाइन सही दिखाई देगी, तो ट्रेनों का संचालन किया जाएगा। उधर, अधिकारियों ने ग्रामीणों से बात कर उनकी समस्याओं को भी सुना।
ग्रामीण ने ट्रेनों के ठहराव की उठाई मांग
धौर्रा के ग्रामीणों ने भोपाल से चलकर खजुराहो जाने वाली ट्रेन महामना के ठहराव की मांग की है। डीआरएम को दिए पत्र में बताया कि पूर्व में धौर्रा में छह ट्रेनों का ठहराव था, लेकिन कोरोना संक्रमण के बाद से इन ट्रेनों का ठहराव बंद कर दिया गया। जिसके चलते लोगों को जनपद मुख्यालय आने-जाने में परेशानी हो रही है। उन्होंने सुबह के समय भोपाल से खजुराहो जाने वाली ट्रेन के ठहराव की मांग उठाई है। उन्होंने बताया कि इस ट्रेन से जनपद मुख्यालय पर जाने वाले स्कूली छात्रों को काफी सुविधा होगी। इस मौके पर ग्राम प्रधान धीरज सिंह यादव, पूर्व प्रधान रामेश्वर प्रसाद मिश्र सहित कई ग्रामीण रहे।
