Spread the love


बेटे ने कहा-अतिवृष्टि से खराब हो गई थी फसल, कर्ज नहीं चुका पा रहे थे

09 दिसंबर को होने वाली नातिन की शादी को लेकर थे परेशान

संवाद न्यूज एजेंसी

ललितपुर। एक वृद्ध किसान ने शुक्रवार को खेत पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक के पुत्र का कहना है कि अतिवृष्टि से फसल खराब हो गई थी। कर्ज न चुका पाने की चिंता में पिता ने आत्महत्या कर ली।

थाना बानपुर के अंतर्गत ग्राम तेरा निवासी मंगल सिंह (75) पुत्र जुझार सिंह का शव शुक्रवार की दोपहर में खेत पर कुएं के पास लगे जामुन के पेड़ पर रस्सी के फंदे से लटका हुआ मिला था। मृतक के छोटे पुत्र चंदन सिंह ने बताया कि उसके पिता साढ़े चार एकड़ भूमि के काश्तकार थे, इसी जमीन पर खेती-किसानी कर वह परिवार का पालन पोषण करते थे। खेती करने के लिए उन्होंने बैंक से तीन लाख रुपये का किसान क्रेडिट कार्ड बनवाया था।

उसने बताया कि इस वर्ष खरीफ की फसल अतिवृष्टि से खराब हो गई थी। इससे पिताजी परेशान रहने लगे थे। उधर, शुक्रवार की सुबह मंगल सिंह खेत पर पहुंचे। यहां मौजूद भांजे चालीराजा को यह कहते हुए उन्होंने घर भेज दिया कि वह फसल की रखवाली कर रहे हैं। अभी कुछ समय ही गुजरा था कि नाती विजय खेत पर स्थित कुएं से मवेशियोें को पानी पिलाने के लिए पहुंचा। वहां उसने मंगल सिंह को फांसी के फंदे पर लटका देखा। इसकी जानकारी पास के खेत में मौजूद ग्रामीणों को दी तो वह मौके पर पहुंचे।

लोगों ने मंगल सिंह को फांसी के फंदे से नीचे उतारा और शरीर का परीक्षण किया तो उनकी मौत हो चुकी थी। सूचना मिलने पर मृतक के परिजन और थाना बानपुर पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के पुत्र चंदन ने कहा कि अतिवृष्टि से फसल खराब होने से पिताजी कर्ज नहीं दे पा रहे थे। उन्हें चिंता थी कि वह नातिन की शादी कैसे करेंगे। मृतक के दो पुत्र व दो बहनें हैं।

9 दिसंबर को है नातिन की शादी

परिजनों के अनुसार हाल ही में मंगल सिंह ने अपनी नातिन सुलेखा की शादी डबरा निवासी एक युवक से तय की थी। इसी साल 09 दिसंबर को शादी होनी है। शादी के लिए खरीफ की फसल से उन्हें काफी उम्मीदें थीं। लेकिन अतिवृष्टि से फसल खराब हो गई। वह अक्सर घरवालों से शादी को लेकर चिंता जताते थे, जिस पर घरवाले उन्हें समझाते भी थे। लेकिन, इसी चिंता में उन्होंने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजन कर्ज व फसल नष्ट होने के चलते आत्महत्या करने की बात कह रहे हैं। आत्महत्या के कारण की जांच की जा रही है।

-राजपाल सिंह, थानाध्यक्ष बानपुर



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *