Spread the love


चित्रकूट। कोचिंग सेंटर से इंटर की छात्रा को नकाबपोश दो युवकों ने घसीट लिया और बाइक पर बैठाकर अगवा करके ले गए। रास्ते में उसे मारते पीटते हुए मंदाकिनी पुल लेकर पहुंचे और नीचे फेंक दिया। झाड़ी में फंस जाने से छात्रा नीचे गिरने से बच गई। घायल होकर वह बेहोश हो गई। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों की पहचान कराने का प्रयास जारी है।

सदर कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी इंटर की छात्रा शनिवार की शाम साढ़े छह बजे एक कंप्यूटर कोचिंग में पढ़ने गई थी। कंप्यूटर सेंटर के सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, छात्रा लगभग सवा सात बजे कक्ष के बाहर बरामदे में पानी पी रही थी। इसी बीच बाइक से दो अज्ञात युवक मुंह ढककर आए और उसे घसीटकर बाइक पर बैठा लिया। इसके बाद वह बांदा मार्ग की ओर भागे। रास्ते में मंदाकिनी पुल से पीटकर फेंक दिया। झाड़ियों में फंसकर छात्रा बेहोश हो गई।

यह नजारा देखकर राहगीर भी दहशत में आ गए। कुछ लोगों ने पुलिस सूचना दी और छात्रा को बाहर निकालकर प्राइवेट अस्पताल पहुंचाया। जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। सीओ सिटी हर्ष पांडेय व कोतवाल अजीत पांडेय समेत पुलिस बल पहुंचा। कोचिंग संचालक विनय भारद्वाज व घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों से पुलिस पूछताछ कर रही है।

घटना की जानकारी होते ही एसपी वृंदा शुक्ला अस्पताल पहुंची। उन्होंने छात्रा के इलाज की जानकारी ली और बताया कि जल्द आरोपियों का पता लगाया जाएगा। छात्रा के दहशत में होने के कारण उससे पूरी जानकारी नहीं मिल पाई है। कोचिंग संचालक के अनुसार दो युवक शाम को कोचिंग में आए थे और अपशब्दों का प्रयोग कर रहे थे, जिन्हें डांटकर भगाया गया था। पुलिस ने इनमें से एक युवक को पूछताछ के लिए पकड़ा है। सभी जगह के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *