बांदा/जसपुरा। प्रशासन और शिक्षा विभाग के अधिकारियों की सख्ती के बावजूद स्कूलों की व्यवस्था में सुधार नहीं हो रहा है। एसडीएम ने कंपोजिट विद्यालय भाथा का औचक निरीक्षण किया तो शिक्षामित्र गायब मिले। विद्यार्थियों की उपस्थिति 50 फीसदी भी नहीं थी। यहां तक की व्यवस्था सुधार के लिए प्रेरणा एप पर भी जानकारी दर्ज नहीं की जा रही है। एसडीएम ने फटकार लगाते हुए सुधार करने के निर्देश दिए हैं।
एसडीएम पैलानी शशि भूषण मिश्रा ने कंपोजिट विद्यालय भाथा का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों में प्रेरणा एप पर गंभीरता दिखाएं। शिक्षकों की उपस्थिति, मिड्डे मील, बच्चों की उपस्थिति व पढ़ाई की गुणवत्ता पर ध्यान दें।
निरीक्षण के दौरान स्टाफ की उपस्थिति जांची गई तो शिक्षामित्र विजयश्री अनुपस्थित मिले। इस पर उन्होंने लापरवाही पर कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही स्पष्टीकरण तलब किया है। वहीं, प्रधानाध्यापक राकेश पटेल ने एसडीएम को बताया कि स्टाफ में आशा राय, दीपिका अवस्थी, अनिल कुमार कार्यरत हैं। एसडीएम ने छात्रों की संख्या जांची तो वह भी कम मिली। रजिस्टर में कुल 83 विद्यार्थी दर्ज थे, जबकि मौके पर 40 ही मिले। उन्होंने प्रधानाचार्य को विद्यार्थियों की उपस्थिति बढ़ाने के लिए निर्देशित किया।
