बांदा। तीन दिन से लापता खेतिहर मजदूर का शव खैराडा रेलवे स्टेशन के पास कटा हुआ मिला। परिजनों व पुलिस ने किसी ट्रेन की चपेट में आकर मौत होने की आशंका जताई है।
गिरवां थानाक्षेत्र के खुरहंड रेलवे स्टेशन का पुरवा निवासी रामदीन (50) मानसिक रूप से बीमार चल रहा था। वह तीन दिन पहले घर से निकला था। रात तक न लौटने पर परिजन तलाश कर रहे थे। परिजन उसकी तलाश में प्रयागराज तक पहुंचे। लेकिन पता नहीं चल सका।
शनिवार की देर शाम खैराडा रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन से कटा शव बरामद हुआ। पुलिस की सूचना पर परिजनों ने पोस्टमार्टम हाउस में कपड़ों से उसकी पहचान की। पुत्र माता प्रसाद ने बताया पिता का दिमागी संतुलन सही नहीं रहता था। वह तीन दिन पहले घर से कहीं चले गए थे। वह रेलवे ट्रैक तक कैसे पहुंचे इसका पता नही है।
रामदीन के पांच पुत्र व तीन पुत्रियां हैं। एक बीघा जमीन है। जीआरपी थानाध्यक्ष नवेंदु शेखर अग्निहोत्री ने बताया कि ट्रेन की चपेट में आकर किसान की मौत हुई है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।
