संवाद न्यूज एजेंसी, बांदा
Updated Tue, 03 Oct 2023 11:59 PM IST
बांदा। ससुरालियों के उत्पीड़न से तंग आकर विवाहिता ने घर के अंदर फंदा लगाकर जान दे दी। घटना को अंजाम देने से पहले उसने सोशल मीडिया प्लेटफार्म व्हाट्सएप, इंस्ट्राग्राम और फेसबुक में स्टेटस लगाकर ससुरालियों के उत्पीड़न को बयां किया। उसने माता-पिता से खुदकुशी करने के लिए माफी भी मांगी। जिला प्रशासन से अपील की ऐसे लोगों को छोड़ना नहीं। पिता व भाई की तहरीर पर पति समेत पांच ससुरालियों के खिलाफ उत्पीड़न व खुदकुशी के लिए प्रेरित करने की रिपोर्ट दर्ज की गई है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के आजाद नगर निवासी अफसीन (28) ने सोमवार की शाम पांच बजे अपने घर के कमरे में पंखे से दुपट्टे से फंदा लगा लिया। उसकी सास व ननद ने देखा तो जानकारी हुई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतका के भाई शहर कोतवाली क्षेत्र के खाईंपार मोहल्ला निवासी फरहान ने बताया कि उन्होंने ढाई साल पहले आजाद नगर निवासी साबिर से शादी की थी। साबिर जिला अस्पताल में प्राइवेट में एंबुलेंस चलाने का काम करता है। भाई का आरोप है कि उसकी बहन को ससुराली तरह तरह से प्रताड़ित करते थे।
ढाई साल से वह प्रताड़ना बर्दाश्त कर रही थी। भाई फरहान ने पति साबिर समेत सास, ससुर, दोनों ननदों के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी है। शहर कोतवाल अनूप दुबे ने बताया कि भाई की तहरीर पर पति समेत पांच ससुरालियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। घटना की जांच की जा रही है। शव को मोर्चरी में रखाया गया है।
