बांदा। रिश्तेदार की शादी से लौट रहे बाइक सवार पिता-पुत्र को कलेक्टर पुरवा के पास सामने से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी। इससे बाइक पर पीछे बैठा पिता उछलकर ट्रक के नीचे आ गया। उसकी कुचलकर मौत हो गई। पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मटौंध थाना क्षेत्र के करछा गांव निवासी जयराम (62) बेटे रामसिंह (20) के साथ रिश्तेदार की शादी में शामिल होने देहात कोतवाली क्षेत्र के बिलबई गांव गए थे। गुरुवार को भोर पिता-पुत्र बाइक से लौट रहे थे। देहात कोतवाली क्षेत्र के कलेक्टर पुरवा के पास सामने से आ रहे ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। जयराम बाइक से उछलकर ट्रक के नीचे आ गए, उनकी कुचलकर मौत हो गई। पुत्र को पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।भतीजे महेंद्र ने बताया कि जयराम किसानी करते थे। उनके पास पांच बीघा जमीन है। चार पुत्र व दो पुत्री हैं। देहात कोतवाली प्रभारी नरेश कुमार ने बताया कि हादसे में मौत हुई है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।
