संवाद न्यूज एजेंसी, बांदा
Updated Tue, 10 Oct 2023 12:17 AM IST
बांदा। खेत से पानी लगाकर लौट रहे किसान को तेज रफ्तार लोडर ने सामने से टक्कर मार दी। जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई।
बिसंडा थाना क्षेत्र के मरौली गांव निवासी भूरा यादव (65) सोमवार को सुबह साढ़े सात बजे खेत में धान के लिए पानी लगाकर लौट रहे थे। तभी ओरन-बबेरू मार्ग पर सामने से आए लोडर ने उन्हें टक्कर मार दी। जिससे भूरा की मौके पर ही मौत हो गई। ग्रामीणों ने लोडर चालक निलाथू निवासी रिंकू को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया है। पुत्र रामकिशोर यादव ने बताया कि पिता खेती-किसानी करते थे। 35 बीघा जमीन है। पांच पुत्र व एक पुत्री है। पुत्र की तहरीर पर लोडर चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। उधर, बिसंडा थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर मनोज शुक्ला ने बताया कि पुत्र की तहरीर पर आरोपी लोडर चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
