संवाद न्यूज एजेंसी, बांदा
Updated Tue, 10 Oct 2023 12:13 AM IST
बांदा। निजी अल्ट्रासाउंड सेंटर में सरकारी डॉक्टर की मौजूदगी में मौत के मामले की जांच दो सदस्यों की टीम करेगी। सेंटर में मरीज को भेजना और फिर डॉक्टर का आना समेत सभी बिंदुओं की जांच होगी।
बिसंडा थाना क्षेत्र के चौसड़ गांव निवासी कल्लू (30) को लीवर में फोड़ा होने की वजह से पांच अक्तूबर को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पिता राजकरन का आरोप है कि जिला अस्पताल के सर्जन डॉ. रामेंद्र ने कल्लू को एक निजी अल्ट्रासाउंड सेंटर में ले जाकर उसका वहां ऑपरेशन कर दिया। हालत बिगड़ने पर वहीं से रेफर करने की बात कही और एंबुलेंस में साथ भी गए, लेकिन रास्ते में उतर गए। कानपुर पहुंचे तो वहां बताया कि मरीज की बहुत पहले ही मौत हो चुकी है। हालांकि चिकित्सक ने आरोप निराधार बताए। लेकिन प्रशासन ने इसे गंभीरता से लिया और जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल ने नगर मजिस्ट्रेट राजेश कुमार व अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अजय कुमार को शामिल करते हुए जांच कमेटी गठित कर दी। मंगलवार को यह टीम जांच करेगी, इसमें पीड़ित और डाक्टर के बयान लिए जाएंगे। रिपोर्ट बुधवार तक डीएम को सौंपी जाएगी।
