उरई। अलग-अलग मरीजों के साथ आए परिजनों में बाइक को लेकर कहासुनी हो गई। थोड़ी देर में मामला मारपीट में तब्दील हो गया। दोनों पक्षों में जमकर लाठी और डंडे चले। इससे अस्पताल परिसर में अफरातफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में ले लिया। पकड़े गए लोगों से पूछताछ कर रही है।
कोतवाली क्षेत्र के खरूसा गांव निवासी कृष्ण गोपाल और उसका बड़ा भाई दारा सिंह भांजी रेशमा पत्नी राहुल निवासी जालौन को देखने मंगलवार की रात जिला महिला अस्पताल आए िो। वहीं शहर के मोहल्ला राजेंद्र नगर निवासी श्याम किशोर अपनी पत्नी अनीता और पुत्र अभिषेक के साथ बहू पूजा के पास महिला अस्पताल आए थे। किसी बच्चे ने कृष्ण गोपाल की बाइक की सीट पर खरोंच दिए। इससे श्याम किशोर से उसका विवाद होने लगा।
थोड़ी देर में दोनों पक्षों के कई लोग भी अस्पताल आ गए। इसके बाद लाठी और डंडों से एक-दूसरे को पीटने लगे। श्याम किशोर ने बताया कि कृष्ण गोपाल और उसके भाई दारा सिंह ने उसके साथ लाठी और डंडों से मारपीट की, जिससे उसके पैर में फैक्चर हो गया है। उसकी पत्नी को भी चोटें आई हैं।
दूसरे पक्ष की पूजा का आरोप है कि दूसरे पक्ष के लोगों ने उसके पेट में लात मार दी। वह गर्भवती है। इससे वह घायल हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।
