संवाद न्यूज एजेंसी, बांदा
Updated Wed, 11 Oct 2023 11:40 PM IST
बांदा। अतर्रा के राजकीय इंजीनियरिंग कालेज में बुधवार को छात्र छात्राओं के सम्मान में प्रतिभा संगम समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए, जिसमें छात्र-छात्राओं की सराहना की गई।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के तत्वावधान में राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज अतर्रा सभागार में सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए। मुख्य अतिथि आयुष मंत्री स्वतंत्र प्रभार दयाशंकर मिश्र रहे। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों में उत्साह बढ़ाते हैं। इसके साथ ही कठिन पढ़ाई से उन्हें कुछ समय के लिए अलग माहौल मिल जाता है। यह भी उनके मानसिक दबाव को कम करता है। सिर्फ पढ़ाई में ही बच्चों को बने रहने दिया जाना ठीक नहीं है। बच्चों की अन्य प्रतिभाएं भी उनके निखरनी चाहिए। क्षेत्रीय विधायक ओम मणि वर्मा मेधावियों की पढ़ाई को लेकर सराहना की। एबीवीपी के संगठन मंत्री अंशुल विद्यार्थी ने मुख्य वक्ता के रूप में विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाया। अध्यक्षता कॉलेज के निदेशक डॉ. एसपी शुक्ला ने की। मेधावी छात्र छात्राओं को पुरस्कृत किया गया।
कर्मचारी आवास और छात्रावास जल्द करें हैंडओवर
बांदा। अतर्रा राजकीय आयुर्वेद कालेज एवं चिकित्सालय का बुधवार को औषधि राज मंत्री स्वतंत्र प्रभार दयाशंकर ने निरीक्षण किया। इस दौरान छात्रावास और कर्मचारी आवास निर्माण के धीमे कार्यों को लेकर फटकार लगाई। साथ ही निर्माण कारी संस्था से जल्द कार्य पूरा कर उसे कालेज प्रशासन के हैंडओवर करने को कहा। इस दौरान विधायक ओम मणि वर्मा, प्राचार्य हेमंत भी मौजूद थे।
