चित्रकूट/भौंरी। रैपुरा थाना क्षेत्र के देउंधा गांव में महिला की हत्या उसके प्रेमी ने मृतका के देवर के साथ मिलकर की थी। गुरुवार को पुलिस ने मामले का खुलासा किया। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। दोनों ने चाकू व हंसिया से महिला की घर के अंदर हत्या की थी।
राजापुर सीओ निष्ठा उपाध्याय ने बताया कि एक अक्तूबर की शाम को देउंधा गांव में रिंकू उर्फ रिंकी गुप्ता की उसके घर के अंदर धारदार हथियार से पेट पर वार कर हत्या की गई थी। गुरुवार को थाना प्रभारी शैलेंद्र पांडेय ने देउंधा निवासी मृतका के देवर लवलेश गुप्ता व प्रेमी शुभम उर्फ शिवम गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया। घटना के दिन ही मौके से हंसिया व चाकू बरामद हुए थे।
सीओ ने बताया कि महिला का पति दूसरे प्रांत में रहकर मजदूरी करता है। महिला के गांव के शुभम से अवैध संबंध थे। इसकी जानकारी उसके परिजनों को भी थी। इसी बीच महिला के संबंध गांव के अन्य भी कुछ लोगों से होने का शक शुभम को हुआ। इसे लेकर उसकी कई बार महिला से लड़ाई हुई और उसने घर आना बंद कर दिया था।
उन्होंने बताया कि इसी बीच महिला के देवर लवलेश की शुभम से मुलाकात हुई और दोनों ने उसकी हत्या करने की योजना बनाई। मुख्य हत्यारोपी शुभम के शर्ट में खून के छींटे लगे थे। इसे छिपाने के लिए उसने शर्ट को जला दिया, लेकिन तलाशी के दौरान वह जली शर्ट का कुछ हिस्सा मिला। जिसमें खून के छींटे भी थे। हत्यारोपी देवर लवलेश ने बताया कि जब कई लोगों से भाभी से अवैध संबंध होने का शक हुआ और घर में कई लोगों को आना जाना शुरु हुआ तो बदनामी होते देख उसकी हत्या की योजना बनाई।
