उरई। विद्या भारती की झांसी में हुई क्षेत्रीय खेलकूद प्रतियोगिता में डॉ. बृजबिहारी सरस्वती शिशु मंदिर के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभा दिखाई है। विद्यालय के तीन छात्र-छात्राओं का चयन लखनऊ में होेने वाली प्रांतीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है।
झांसी के महाराजा अग्रसेन सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में हुई 34 वीं खेलकूद प्रतियोगिता में लंबीकूद में पहला, ऊंची कूद में दूसरा और 600 मीटर दौड़ में तीसरा स्थान पाने वाली संध्या कुशवाहा का चयन राज्यस्तरीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है। भाला फेंक में पहला स्थान पाने वाले राममिलन और ऊंची कूद में पहला स्थान मयंक तिवारी का चयन भी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए हुआ।
इसके अलावा स्वाति, महक, कामिनी, निशा, अलका, अनुराग, कशिश, राजवीर ने भी मेडल जीते है। मेडल जीतकर इन खिलाड़ियों का सम्मान रविवार को बृजबिहारी स्कूल में किया गया। स्कूल के प्रबंधक रमाकांत द्विवेदी, प्रधानाचार्य ब्रजेंद्र सिंह और शारीरिक शिक्षा प्रमुख जोगेंद्र सिंह ने सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
शारीरिक शिक्षा प्रमुख ने बताया कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता लखनऊ में 16 से 18 अक्तूबर तक होगी। इस प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने के लिए खिलाड़ी सोमवार को रवाना होंगे। उन्होंने बताया कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जीतने वाले खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे।
