ललितपुर/मड़ावरा। सड़क पर खड़े मवेशी से बाइक टकरा जाने से युवक की मौत हो गई। जबकि साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे चिकित्सकों ने मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर कर दिया। पुलिस ने शव काे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना मड़ावरा अंतर्गत ग्राम सीरोंन निवासी गोविंद सेन (23) पुत्र मंजू सेन शनिवार को ग्राम मदनपुर एक निमंत्रण में बाइक से गया था। रात को वह बाइक से घर लौट रहा था। बाइक पर उसके साथ गांव का जगभान (40) भी सवार था। अभी बाइक ग्राम अमौदा के पास ही पहुंची थी कि सड़क पर खड़े मवेशी से टकरा गई। इससे गोविंद और जगभान गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की मदद से दोनों घायलों को मड़ावरा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। यहां चिकित्सकों ने दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन घायलों को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने घायल गोविंद सेन के शरीर का परीक्षण करने के करने के बाद मृत घोषित कर दिया। जबकि जगभान को मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक दो भाई-दो बहन में सबसे छोटा था और उसकी करीब दो वर्ष पूर्व ही शादी हुई थी। मृतक के बहनोई अखलेश कुमार निवासी ग्राम चितरा ने सड़क पर खड़े मवेशी से बाइक टकरा जाने से मौत होना बताया है।
हेलमेट लगाया होता तो बच सकती थी जान
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे यदि वह हेलमेट लगाए होते तो सिर पर चोट नहीं आती जिससे उसकी जान बच सकती थी।
