चित्रकूट । प्रसव पीड़ा होने पर महिला को परिजनों ने एंबुलेंस से पीएचसी सीतापुर में भर्ती कराया। जहां महिला ने स्वस्थ्य बच्चे को जन्म दिया, लेकिन प्रसूता की हालत अचानक बिगड़ गई। नाजुक स्थिति देख डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी होते परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने इलाज के दौरान लापरवाही के आरोप लगाये। इसके बाद पुलिस को सूचना दिए बगैर शव को अपने घर ले गए। सीतापुर चौकी क्षेत्र के सेमरिया जगन्नाथवासी निवासी भावना पटेल (24) को प्रसव पीड़ा होने के चलते परिजनों ने एंबुलेंस के जरिये शनिवार की रात्रि को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सीतापुर में भर्ती कराया।
डिलवरी के दौरान बच्चा स्वस्थ जना लेकिन कुछ ही देर बाद भावना की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका की चचिया सास गोलकी देवी ने बताया कि भावना का यह पहला बच्चा था। फिलहाल जना बालक स्वस्थ्य है।
सीतापुर में इलाज के दौरान मौजूद डॉक्टर व स्टॉफ ने इलाज में लापरवाही की है। जल्द ही इसकी शिकायत करेंंगे। इस मामले में सीएमओ डॉ. भूपेश द्विवेदी ने बताया कि अभी तक उनके पास किसी की शिकायत या सूचना नहीं मिली है। परिजन यदि शिकायत करेंगे तो इसकी जानकारी की जाएगी।
