– ग्राम खखल के प्राथमिक विद्यालय में मगरमच्छ देख मचा हड़कंप
– वन विभाग की टीम के पहुंचने से पहले ही नहर में चला गया
संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। मोंठ वन रेंज स्थित गांव खकल के प्राथमिक विद्यालय में सोमवार सुबह को चार फुट लंबा मगरमच्छ घुस गया। स्कूल में मगरमच्छ को देख पढ़ाई कर रहे बच्चों में अफरातफरी मच गई। शिक्षक और बच्चे क्लास में बंद हो गए और वन विभाग की टीम को सूचना दी गई। हालांकि वन विभाग की टीम पहुंचने से पहले ही मगरमच्छ नहर में चला गया। निगरानी के लिए वन कर्मियों की तैनाती कर दी गई है।
बेतवा नदी से निकली नहर गांव खकल होती हुई समथर की ओर जाती है। सुबह तकरीबन आठ बजे प्राथमिक विद्यालय में पढ़ाई चल रही थी। इस दौरान एक चार फुट लंबा मगरमच्छ स्कूल में दिखाई दिया। यह देखकर बच्चों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। शिक्षकों ने बच्चों को क्लासरूम में बंद करते हुए वन विभाग के अफसरों को सूचित किया। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन टीम के पहुंचने से पहले ही मगरमच्छ नहर में चला गया। वन कर्मियों की काफी खोजबीन के बाद भी मगरमच्छ नहीं मिला। वन विभाग की टीम में उप क्षेत्रीय वन अधिकारी संदीप रविकुल, रामआसरे, बीट प्रभारी लल्लू, राजेश सिंह, अशुतोष, भंवर सिंह, रामकिशोर और चतुरसिंह मौजूद रहे। जेबी शेंडे (आईएफएस) ने बताया की मगरमच्छ की सूचना मिलते ही तुरंत ही टीम को मौके पर भेजा गया था। लेकिन टीम के पहुंचने से पहले ही वह नहर में वापस चला गया। निगरानी के लिए वन कर्मियों की तैनाती कर दी गई है।
