उरई। किसान दिवस में बिजली,पानी और खाद की समस्या से किसान परेशान रहे। किसानों ने जिलाधिकारी से समस्या समाधान की मांग की।
विकास भवन सभागार में बुधवार को डीएम राजेश कुमार पांडेय की अध्यक्षता में किसान दिवस हुआ।उन्होंने कहा कि किसानों को रोस्टर अनुसार बिजली आपूर्ति दी जाए। खाद व बीज की पर्याप्त व्यवस्था रहे ताकि आसानी से किसानों को उपलब्ध हो सके।
उन्होंने कृषि अधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि जनपद में खाद बीज की पर्याप्त उपलब्धता रहे। खाद-बीज की कालाबाजारी व भंडारण करने वालों पर निगरानी रखें, साथ ही कालाबाजारी करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्यवाही अमल में लाई जाए।
किसानों ने बिजली विभाग, नहर विभाग, नलकूप विभाग, लघु सिंचाई, फसल बीमा, अन्ना जानवरों एवं अन्य से संबंधित समस्याएं बताई गई। इस पर डीएम ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन लगातार अभियान चलाकर निराश्रित गोवंशों को पकड़कर संबंधित गोशालाओं में संरक्षित कर रहा है। डीएम ने जनपद के किसानों को निर्धारित दरों पर गुणवत्ता युक्त खाद बीज उपलब्ध कराने के लिए व किसानों की समस्या एवं शिकायत के लिए कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। जिसका टेलीफोन नंबर 05162-298393 पर सुबह 9:00 बजे से रात 9:00 तक शिकायत दर्ज करवाकर समस्या का निस्तारण कर सकते हैं।
इस दौरान सीडीओ भीमजी उपाध्याय, उप कृषि निदेशक एसके उत्तम, जिला कृषि अधिकारी गौरव यादव, भाकियू के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बलराम लंबरदार, राष्ट्रीय महासचिव राजवीर सिंह जादौन, जिलाध्यक्ष डॉ. द्विजेंद्र सिंह, दिनेश प्रताप सिंह गौर, भाजपा किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष सूर्यनायक आदि मौजूद रहे।
परियोजनाओं में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं
उरई। डीएम राजेश कुमार पांडेय ने कलक्ट्रेट सभागार में वर्चुअल बैठक कर एक करोड़ से अधिक की योजनाओं की समीक्षा की। कहा कि कार्यदाई संस्थाओं को निर्देशित किया कि अपनी परियोजनाओं को सीएमआईएस पोर्टल पर डेटा फीड कराएं। सीएमआईएस पोर्टल पर प्रत्येक माह की एक से पांच तक परियोजनाओं की प्रोग्रेस भी फीड करेंगे। इसमें किसी भी प्रकार की बहानेबाजी व लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। किसी भी स्तर पर गुणवत्ता मानक के अनुरूप नहीं पाई जाती है तो संबंधित अधिकारी का उत्तरदायित्व निर्धारित कर उनके विरुद्ध नियम अनुसार दंडात्मक कार्यवाही प्रस्तावित की जाएगी। सभी परियोजनाओं का कार्य शासन द्वारा निर्धारित समय सीमा के अंतर्गत गुणवत्ता सहित पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। इस दौरान सीडीओ भीमजी उपाध्याय सहित संबंधित विभाग मौजूद रहे। (संवाद)
