संवाद न्यूज एजेंसी, जालौन
Updated Thu, 19 Oct 2023 12:11 AM IST
उरई। बिना रॉयल्टी के माल बेचने वालों पर एफआईआर दर्ज करने के निर्देश जिलाधिकारी ने बैठक के दौरान दिए। वहीं अवैध खनन पर प्रत्येक दशा में रोक लगाने की बात कही।
डीएम राजेश कुमार पांडेय की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट सभागार में अवैध खनन व परिवहन के प्रभावी अंकुश लगाने संबंध के एसडीएम, सीओ व खनन अधिकारी व एआरटीओ के साथ बैठक कर दिशा निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि शासन की जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत जनपद में अवैध खनन एवं परिवहन पर पूर्ण रूप से अंकुश लगाते हुए वैध खनन को प्रेरित कर राजस्व में बढ़ोतरी की जाए। बार-बार अवैध खनन करने वाले लाइसेंस धारकों का पट्टा निरस्त करने के साथ दंडात्मक कार्रवाई भी की जाएगी।
उन्होंने अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व व खान अधिकारी को निर्देशित किया कि खनन क्षेत्र में पीटीजेड कैमरा को क्रियाशील करते हुए डिस्ट्रिक्ट कमांड सेंटर से सतत निगरानी की जाए। उन्होंने ओवरलोड वाहनों के अवैध संचालन पर प्रभावी अंकुश लगाने की निर्देश दिए। उन्होंने किसी भी अधिकारी की अवैध खनन व परिवहन में संलिप्तता पाई जाने पर कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी। इस दौरान एडीएम वित्त संजय कुमार, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट व एसडीएम अभिषेक कुमार, एआरटीओ, खान अधिकारी आदि मौजूद रहे।
