Spread the love


कोंच। बैंक कर्मचारी पर करीब सवा दो लाख रुपये हड़पकर भाग जाने का आरोप लगाकर पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की है।

नगर के मोहल्ला तिलक नगर नई बस्ती निवासी वर्षा कुशवाहा ने कोतवाली पुलिस को प्रार्थनापत्र दिया। इसमें बताया कि उसका बचत खाता इंडियन बैंक की मुख्य शाखा में संचालित है। 26 जून को उसने अपने खाते में 2.25 लाख रुपये जमा किए थे। जमा कैश काउंटर पर बैठे कर्मचारी राहुल उर्फ गोलू ने रुपये जमा पर्ची मोहर लगाकर दी थी। 13 अक्तूबर को वह पासबुक पर जमा धनराशि की इंट्री कराने के लिए बैंक पहुंची तो राहुल ने उससे कहा कि अभी सर्वर नहीं आ रहे हैं। इसलिए जमा पर्ची और पासबुक उसे दे दो, इंट्री हो जाने के बाद ले लेना। वर्षा ने पुलिस को बताया कि 17 अक्तूबर को वह बैंक पहुंची तो राहुल ने उससे कहा कि तुम्हारी पासबुक और जमा पर्ची घर पर भूल आया हूं। वह बैंक में ही रुके तब तक अभी उठाकर ले आता है। वर्षा ने बताया कि काफी देर तक जब राहुल बैंक नहीं आया तो वह उसके घर पहुंच गई। जहां ताला लटका हुआ था। फोन करने पर उसका नंबर स्विच ऑफ है। महिला ने मामले की जांच कर कार्रवाई की गुहार लगाई है।

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक नागेंद्र कुमार पाठक का कहना है कि मामले की फिलहाल जांच पड़ताल की जा रही है। जो भी दोषी होगा उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

इंडियन बैंक शाखा प्रबंधक राहुल कुमार का कहना है कि वीसी राहुल उर्फ गोलू को विजन इंडिया एजेंसी कंपनी ने बैंक में लगाया गया था। कंपनी को मामले की सूचना दे दी गई है। कंपनी से जुड़े लोगों को सूचना देकर बुलाया गया है। उसकी तलाश की जा रही है। पीड़ित ग्राहकों की सूची बनाई जा रही है, अब तक तीन चार लोग और सामने आए हैं।

किसकी शह पर कैश काउंटर पर बैठ रहा था राहुल

कोंच। वीसी का काम उस बैंक की छोटी शाखा का बैंक से बाहर नगर क्षेत्र में किसी अन्य स्थान पर संचालन कर ग्राहकों को बैंक की सुविधाएं पहुंचाना है। वीसी छोटी शाखा केंद्र के माध्यम से अधिकतम 10 हजार रुपये तक की ही जमा निकासी कर सकता है। आखिर एक वीसी बैंक की मुख्य शाखा में बीते कई माह से किसकी शह पर कैश काउंटर पर बैठ कर काम संभाल रहा था।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *