बांदा। लॉ फाइनल इयर व पीसीएसजे की तैयारी कर रहे छात्र का संदिग्ध परिस्थिति में शव किराए के कमरे में फंदे से लटका मिला। फोन न उठने पर भाई ने पड़ोसी मित्र को देखने कमरे भेजा तो उसका शव कमरे के अंदर लटका पाया। हालांकि पुलिस घटना को खुदकुशी बता रही है।
नरैनी कोतवाली क्षेत्र के डोमानी पुरवा निवासी विमल राजपूत (23) डॉ. भीमराव आंबेडकर लॉ कॉलेज गिरवां में फाइनल इयर का छात्र था। वह पीसीएसजे की भी तैयारी कर रहा था। पढ़ाई की तैयारी के लिए उसने शहर कोतवाली के कुशवाहा नगर में अवधेश मिश्रा व दिनेश मिश्रा के मकान में किराए का एक कमरा लिया हुआ था। विमल के बड़े भाई प्रशांत राजपूत ने बताया कि मंगलवार की देर शाम उसने विमल को फोन लगाया तो उसने फोन नहीं उठाया।
कई काॅल की लेकिन जवाब न मिलने पर उसने उसके पड़ोसी मित्र सुजीत को फोन से जानकारी दी और कहा कि जाकर देखो क्या कर रहा है। सुजीत उसके कमरे गया तो कमरा अंदर से बंद था। उसने झांककर देखा तो वह चादर से पंखे के हुक में फंदा लगाए था। उसकी सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे। भाई ने आशंका जताई है कि उसकी हत्या की गई है।
भाई ने बताया कि पिता गया प्रसाद कृषि विभाग के भूमि परीक्षण प्रयोगशाला से रिटायर हो चुके हैं। मां फूला देवी का पांच साल पहले निधन हो चुका है। तीन भाइयों व छह बहनों में वह दूसरे नंबर का था। उधर, घटना के संबंध में शहर कोतवाल अनूप दुबे ने बताया कि प्रथम दृष्टया खुदकुशी का मामला है। पीसीएसजे की तैयारी कर रहा था। पढ़ाई के दबाव में उसने यह आत्मघाती कदम उठाया है। मृतक के मोबाइल की कॉल डिटेल खंगाली जा रही है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।
