– जखौरा के ग्राम घिसौली में परिजनों संग खेत पर करवा रही थी मूंगफली फसल की थ्रेसिंग
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। खेत पर परिजनों संग ट्रैक्टर से थ्रेसिंग करवा रही महिला साड़ी फंसने से थ्रेसर के पंखे की चपेट में आ गई। इससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना जखौरा अंतर्गत ग्राम घिसौली निवासी मानकुंवर (30) पत्नी उत्तम लोधी सोमवार की सुबह अपने परिजनों संग खेत पर ट्रैक्टर से हो रही मूंगफली की थ्रेसर करवा रही थी। मानकुंवर थ्रेसिंग के बाद निकल रही मूंगफली के बीज को उठाकर पास में रखी ट्राॅली में भर रही थी। थ्रेसिंग के दौरान मानकुंवर की साड़ी थ्रेसर के पंखा में फंस गई। इससे पहले कि मानकुंवर साड़ी को निकाल पाती मानकुंवर पंखा की चपेट में आग गई। हादसा देख वहां मौजूद लोगों में चीख पुकार मच गई। आनन फानन थ्रेसर बंद करने के लिए ट्रैक्टर को बंद किया था। लेकिन तब तक थ्रेसर के पंखा की चपेट में आने से मानकुंवर गंभीर से घायल हो चुकी थी और उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के जेठ मनोहर ने बताया कि मानकुंवर की शादी 4-5 वर्ष पूर्व हुई थी और उसका मायका ग्राम सिलगन में है। सूचना मिलने पर मृतका के मायके वाले भी मौके पर पहुंच गए थे। थाना जखौरा प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार मिश्रा ने बताया कि थ्रेसर करने के दौरान महिला के थ्रेसर की चपेट में आने से मौत हो जाने की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
