अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। पूंछ के जरहाकला गांव में करीब 30 फुट गहरे कुएं में गिर जाने से एक दुकानदार की मौत हो गई। कुएं के बाहर उसकी चप्पल एवं मोबाइल रखा था। ग्रामीणों ने किसी तरह से शव को बाहर निकाला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
पूंछ के जरहाकला निवासी वीरपाल (40) पुत्र जयकरण सिंह किराने की दुकान चलाता था। परिजनों के मुताबिक बृहस्पतिवार रात दुर्गा मंडप में भजन सुनने गया था। रात में घर लौटकर नहीं आया। शुक्रवार सुबह वीरपाल ने दुकान नहीं खोली। इसके बाद परिजनों ने तलाश शुरू की। गांव के बाहर स्थित कुएं के बाहर उसका मोबाइल और चप्पल रखी मिली। कुएं में पानी भरा था। अंदर देखने पर वीरपाल नजर आया। लोहे का कांटा मंगा कर उसे बाहर निकाला गया। तब तक उसकी मौत हो गई। परिजनों के मुताबिक वीरपाल की अभी तक शादी नहीं हुई थी। वहीं, थानाध्यक्ष अरूण कुमार तिवारी का कहना है कि वीरपाल शराब पीने का आदी था। आशंका जताई जा रही कि शराब के नशे में वह कुएं में गिर पड़ा।
