तालबेहट। चार दिन पहले ग्राम पवा में एक फौजी के मकान से हुई लाखों रुपये के जेवरात और नकदी चोरी करने वाले सभी आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। एक आरोपी पुलिस मुठभेड़ में पकड़ा गया, जबकि तीन अन्य को पुलिस ने दबिश में गिरफ्तार किया।
शनिवार को पत्रकारों को जानकारी देते हुए सीओ कुलदीप कुमार ने बताया कि फौजी के घर से हुई चोरी के खुलासे के लिए पुलिस टीम सक्रिय थी। शुक्रवार की रात इस मामले में सरगना दीपक कुशवाहा को पुलिस से हुई मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया था। चोरी के इस मामले में तीन अन्य आरोपियों के नाम प्रकाश में आए थे। जिनकी तलाश में पुलिस टीम पवा में दबिश दे रही थी। उसी समय मुखबिर ने बताया कि चोरी के शेष माल के बंटवारे को लेकर आरोपी पवा में ही मौजूद हैं। जिस पर पुलिस टीम ने दबिश देकर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। जिनके नाम छोटू, आकाश व सूरज हैं। पकड़े गए तीनों चोरों के पास विभिन्न बैंकों की एफडी, सोने-चांदी के जेवरात, जमीन की रजिस्ट्री, स्टील के डिब्बे तथा 18,500 रुपये बरामद हुए हैं। पुलिस ने चारों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया। अदालत ने उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया। चोरों को गिरफ्तार करने वाली टीम में सीओ कुलदीप कुमार, प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार मिश्र, उपनिरीक्षक बाली सिंह, एसआई कुलदीप राणा आदि रहे। वहीं, पुलिस मुठभेड़ में पकड़े गए आरोपी पर प्राणघातक हमला करने और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
