उरई। चोरों ने दो सगे भाइयों के घर में धावा बोलकर लाखों रुपये का माल पार कर दिया। सुबह परिजन जब सोकर उठे तो घर में बिखरा सामान, टूटे ताले व जेवर नकदी गायब देख हड़कंप मच गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल के बाद चोरों की तलाश शुरू कर दी है। गृहस्वामियों का कहना है कि उनके यहां करीब पांच लाख की चोरी हुई है।
एट थाना क्षेत्र के हरदोई गूजर निवासी परशुराम व श्रीपाल के घर में दीवार फांदकर घुसे चोरों ने कमरे में रखी अलमारी, बक्सों के ताले तोड़कर उसमें रखा एक मंगलसूत्र, दो चैने, दो अंगूठी, एक हार, दो जोड़ी पायल व 20 हजार रुपये चोरी कर लिए।
वहीं दूसरे भाई श्रीपाल के घर के कमरे से तीन सोने की अंगूठी, एक हार, चार चूड़ी, एक मंगलसूत्र, 40 हजार रुपये चोरी कर ले गए।
दोनों घरों में जहां लोग सो रहे थे। वहीं, चोरों ने बाहर से मुख्य दरवाजे की कुंडी बंद कर दी थी। रविवार की सुबह जब घर के लोग जागे तो बाहर से दरवाजा बंद होने पर फोन से आसपास के लोगों को बुलाया।
तब जाकर घर का मुख्य दरवाजा खुल सका। लोगों का कहना है कि पुलिस की गश्त न होने से बदमाशों के हौंसले बुलंद हैं, जिससे चोर-बदमाश बेखोफ घूम रहे हैं। गृहस्वामी की सूचना पर सीओ कोंच राम सिंह, थानाध्यक्ष कामता प्रसाद मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल की।
सीओ का कहना है कि जल्द ही चोरों को पकड़कर चोरियों का खुलासा किया जाएगा।
एट थाना क्षेत्र में आने वाले हरदोई गूजर में क्षेत्र का सबसे बड़ा जुआ होता है, जिससे बड़े-बड़े अपराधी, बदमाश जुआ खेलने आते हैं। जिससे दिन व रात में भी इनकी चहलकदमी दिखाई देती है।
लोगों का कहना है कि जुआ हारने के बाद यही लोग चोरी की घटनाओं को अंजाम देते हैं। वहीं, पुलिस को जानकारी होने पर भी उन पर कोई कार्रवाई नहीं होती।
