कदौरा। कस्बे की कान्हा गोशाला के अंदर आधा दर्जन गायों की मौत की खबर पर सभासद अंकित, सभासद प्रतिनिधि महेश गुप्ता व बजरंग दल के प्रखंड संयोजक भानुप्रताप करोसिया पहुंचे।
आरोप लगाया कि उन्होंने कर्मचारियों से गेट खोलने के लिए कहा तो कर्मचारियों ने ईओ द्वारा मना करने की बात कहकर गेट नहीं खोला। जिस पर सभासदों और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं में रोष व्याप्त हो गया। उन्होंने इसकी सूचना जिले के पदाधिकारियों को दी।
सूचना मिलते ही चेयरमैन पति रवि शिवहरे पहुंचे और गेट खुलवाया। सभासदों ने गोशाला में भूसा-चारे पानी की व्यवस्था देखी।
सभासदों ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि गोशाला के अंदर आधा दर्जन गाय मृत हैं। इसलिए वह लोग आए थे, लेकिन कर्मचारियों ने गेट नहीं खोला था। गोवंशों को सड़ा भूसा खिलाया जा रहा है।
गोशाला के अंदर सभासदों और आम लोगों के आने-जाने पर रोक लगाना तुगलगी फरमान है। बजरंग दल के प्रखंड संयोजक भानुप्रताप करोसिया ने आरोप लगाया कि मृत गायों को रात में ही दफन करवा दिया गया। उनको भी गोशाला के अंदर फोटो और वीडियो न बनाने की शर्त पर जाने दिया गया था।
जिस तरह से रोका जा रहा है, इससे तो मामला संदिग्ध लग रहा है। ईओ का कहना है कि जिसे भी गोसेवा करना है तो अवगत कराए। बिना जानकारी के कोई गोशाला के अंदर नहीं जाएगा। बताया कि पूर्व में आई एनजीटी की टीम ने भी मना किया था।
