उरई। मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर विकास कार्यों से संबंधित समीक्षा बैठक डीएम राजेश कुमार पांडेय ने शनिवार की देर शाम कलक्ट्रेट सभागार में की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि सीएम डैशबोर्ड पर जिस विभाग की रैंकिंग खराब होगी तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
उन्होंने कहा कि निरंतर सीएम डैशबोर्ड की निगरानी करते रहें और अपनी विभागों की योजनाओं के क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान दें, निर्धारित समय अवधि में निस्तारण करें। कहा कि संबंधित विभाग सीएम डैशबोर्ड को गंभीरता से ले। मुख्यमंत्री व मुख्य सचिव को डाटा प्रस्तुत किया जाता है, डाटा फीड करते समय कोई भी फर्जीवाड़ा न किया जाए।
किसी भी प्रकार की समस्या आने पर सीडीओ व जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी से समन्वय स्थापित करते हुए त्रुटि रहित फीडिंग कराएं। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
डाटा की सुचिता सुनिश्चित करने के लिए शासन निदेशालय स्तर से भौतिक सत्यापन कराया जाएगा। डाटा की एडवांस अथवा गलत रिपोर्टिंग को प्रतिकूल रूप में लिया जाएगा और संबंधित का उत्तरदायित्व निर्धारित किया जाएगा।
इस दौरान सीडीओ भीमजी उपाध्याय, एडीएम नमामि गंगे विशाल यादव, सीएमओ डॉ. एनडी शर्मा, परियोजना निदेशक शिवकांत द्विवेदी, श्रम उपायुक्त अवधेश दीक्षित, डीडीओ सुभाष चंद्र त्रिपाठी, उप कृषि निदेशक एसके उत्तम आदि मौजूद रहे।
