अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। पिछले करीब आठ माह से कागजों में उलझे हंसारी रेलवे क्रॉसिंग पर प्रस्तावित ओवर ब्रिज के निर्माण का काम जल्द शुरू होने जा रहा है।प्रस्तावित ओवरब्रिज की डिजाइन को न सिर्फ शासन ने मंजूर कर दिया बल्कि तीन विभागों की प्रारंभिक एनओसी भी मिल गई। ऐसे में उम्मीद जताई जा रही कि दिसंबर माह से ओवर ब्रिज का भी निर्माण कार्य आरंभ हो जाएगा।
करीब दो साल पहले सेतु निगम ने प्रस्तावित ओवर ब्रिज के लिए सर्वे आरंभ किया था लेकिन, सेना, रक्षा एवं रेलवे की वजह से मामला बीच में ही अटक गया। इस बीच सर्वे पूरा करके सेतु निगम ने इसकी डिजाइन को मंजूरी के लिए शासन को भेजा था। पिछले सप्ताह शासन ने इसे हरी झंडी दिखा दी वहीं, एनओसी भी मिल गई है। सेतु निगम अफसरों का कहना है कि इस ओवरब्रिज की राह की अधिकांश रुकावट अब दूर हो गई है। यह ओवर ब्रिज भी तीन लेन का बनेगा। इसकी चौड़ाई 10.50 मीटर रहेगी जबकि करीब 1225 मीटर लंबा होगा। ओवरब्रिज पर कुल करीब 134.20 करोड़ लागत का अनुमान है। इसमें रेलवे 23.74 करोड़ की हिस्सेदारी करेगा। इसके लिए जल संस्थान, विद्युत, सेना व वन समेत अन्य विभागों से एनओसी मांगी गई थी। परियोजना प्रबंधक मुकेश कुमार के मुताबिक सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद निर्माण आरंभ कराया जाएगा।
ओवर ब्रिज से आसान होगा झांसी-बबीना का सफर
झांसी-ललितपुर रोड फोर लेन हो चुकी लेकिन, हंसारी रेलवे क्रॉसिंग (समपार संख्या 1131) की वजह से लोगों का काफी समय खराब होता है। झांसी-मानिकपुर रेल सेक्शन होने के नाते यह क्रॉसिंग दिन में कई बार बंद रहती है। इससे सड़क में जाम लग जाता है। इस ओवर ब्रिज के बन जाने से बिजौली, राजगढ़, बबीना, ललितपुर की तरफ जाने वालों को फायदा होगा।
