बांदा। शराब पीकर किशोर घर आया तो मां ने उसे डांट दिया। जिससे क्षुब्ध होकर उसने फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। कुछ देर बाद उसकी चाची ने देखा तो परिजनों को जानकारी हो सकी।
फतेहगंज थाना क्षेत्र के डढ़वामानपुर गोबरी गांव निवासी लवकुश (17) रविवार की रात शराब पीकर घर आया था। मां चमेलिया ने उसे शराब पीने को लेकर डांट फटकार दिया। जिससे वह कुछ देर बाद अपने कमरे में चला गया और वहां दुपट्टे से छप्पर की धन्नी से फंदा लगा लिया। कुछ देर बात उसकी चाची संकेता घर आई और कमरे में जाकर देखा तो वह फंदे से लटका मिला।
मां चमेलिया ने बताया कि दो भाइयों में बड़ा था। एक माह पहले हरियाणा से मजदूरी करके आया था। उसके पिता जय हिंद लाल की तीन साल पहले टीबी की बीमारी से मौत हो चुकी है। परिवार का दोनों पुत्र सहारा थे। अब एक ही पुत्र बचा है। थानाध्यक्ष फतेहगंज हेमराज सरोज ने बताया कि शराब के नशे में घर आने पर मां ने डांट दिया। इसी के चलते फंदा लगाकर खुदकुशी की है।
