संवाद न्यूज एजेंसी, बांदा
Updated Thu, 26 Oct 2023 12:32 AM IST
खप्टिहा कलां। बिना ओटीपी के केन नदी की जलधारा में मशीनें उतारने के मामले में एसडीएम पैलानी शशिभूषण मिश्र, सीओ सदर अंबुजा त्रिवेदी और खनिज इंस्पेक्टर गौरव गुप्ता ने खदान का स्थलीय निरीक्षण किया। बिना ओटीपी के केन नदी में मशीनें उतारने व सीमांकन न कराने पर एसडीएम ने संचालक को फटकार लगाई और कहा कि दोबारा ऐसा हुआ तो सीधे प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।
लेखपाल धर्मवीर यादव व खनिज इंस्पेक्टर को सीमांकन संकेतक लगाए जाने के निर्देश दिए। एसडीएम ने बताया कि अभी ओटीपी जारी नहीं हुई है। जारी होने के बाद केवल तीन मीटर ही गहराई से खनन होगा। पानी निकलने पर खनन रोक दिया जाएगा।
जलधारा को किसी भी कीमत पर प्रभावित नहीं किया जाएगा। ग्राम समाज की जमीन पर किसी भी प्रकार का कोई अवैध खनन नहीं होगा। इस दौरान थानाध्यक्ष पैलानी अनिल कुमार साहू, लेखपाल धर्मवीर यादव आदि मौजूद रहे।
