ऊमरी। ट्रैक्टर चालक ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे बाइक पर पीछे बैठा युवक ट्रैक्टर-ट्राॅली के नीचे आ गया। उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर मारने के बाद ट्रैक्टर खंदक में पलट गया। चालक ट्रैक्टर छोड़कर भाग गया।
रामपुरा थाना क्षेत्र के पुरा महटौली गांव निवासी संदीप (26) मौसेरे भाई दीपेश पाल (22) के साथ शनिवार की सुबह बाइक से किसी काम से उरई आ रहे थे। ऊमरी के बाबूपुरा के पास ट्रैक्टर ने पीछे से बाइक में टक्कर मार दी। इससे बाइक में पीछे बैठा संदीप ट्राॅली के पहिए के नीचे आ गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बाइक चालक दीपेश गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद ट्रैक्टर मय ट्राॅली के खंदक में पलट गया। लोगों ने बताया कि ट्रैक्टर पीडब्ल्यूडी विभाग में लगा है, जो डामर और गिट्टी लाने का कार्य करता है। पुलिस ने परिजनों को जानकारी देते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
