कदौरा। बड़ागांव ग्राम पंचायत में निर्माणाधीन टंकी की बाउंड्री में दो दिन से बंद भूखे प्यासे मवेशियों का झुंड जाली तोड़कर शनिवार की सुबह बाहर गया गया। मवेशियों ने किसानों की 54 बीघा की फसल नष्ट कर दी। खेतों में घुसे मवेशियों को किसानों ने किसी तरह हांककर भगाया।
शनिवार सुबह सड़क के किनारे निर्माणाधीन टंकी की बाउंड्री के अंदर बंद मवेशियों ने जाली तोड़कर किसान भरत सिंह की 30 बीघा झुंडी, रामू यादव की दो बीघा झुंडी, शिवकुमार की 14 बीघा लाही, रामलाल की 6 बीघा ज्वार, रामनारायण की दो बीघा अरहर की फसल नष्ट कर दी।
प्रधान लाखन श्रीवास ने कहा कि अन्ना घूम रहे मवेशियों को टंकी परिसर में एकत्रित करवाकर ग्रामीणों की मदद से 40 मवेशी चतेला गोशाला में शिफ्ट कराए हैं। चतेला प्रधान मोहम्मद आवेश का कहना है कि गोशाला में जबरन 20 मवेशी कुछ लोग बंद कर गए है। इसकी सूचना उन्होंने अधिकारियों को दे दी है। बजरंग दल के मोहन सिंह ने इसकी सूचना सीडीओ भीमजी उपाध्याय को दी।
