
बीएसएफ जवान की गई जान
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
बांदा जिले के थाना चिल्ला अंतर्गत अतरहट गांव निवासी जवान त्रिमोहन सिंह (35) उर्फ शीलू भारत तिब्बत सीमा पुलिस बल के उत्तराखंड में पिथौरागढ़ में तैनात था। 29 अक्तूबर को दोपहर करीब दो बजे आधा दर्जन साथियों के साथ नीलम घाटी में ड्यूटी के दौरान उसका अचानक पैर फिसल गया।
इससे त्रिमोहन नीचे खाई में जा गिरा, जब तक अन्य जवान खाई में पहुंचे…तब तक मौत हो गई थी। वहीं, खबर मिलने के बाद अतरहट गांव में परिजनों के साथ-साथ गांव में मातम छा गया। दिवंगत के बड़े भाई मुन्ना सिंह ने बताया कि एक माह पहले मेरा भाई त्रिमोहन सिंह छुट्टी पर घर आया था।
घटना सुनने के बाद दिवंगत त्रिमोहन सिंह की पत्नी पूनम का रो-रोकर बुरा हाल है। दिवंगत के दो लड़के यशवर्धन सात वर्ष और रियांश चार वर्ष का है। त्रिमोहन सिंह की शादी मध्यप्रदेश के सतना रायपुर में हुई थी। आगे बताया कि कल मेरे भाई का पार्थिव शरीर उत्तराखंड से अतरहट गांव आएगा।
