चित्रकूट। भाजपा के पूर्व सांसद भैरो प्रसाद मिश्र के पुत्र प्रकाश के पीजीआई लखनऊ में इलाज के अभाव में निधन मामले में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने ट्वीट कर भाजपा के मंत्रियों पर चुनाव प्रचार में मग्न रहने व व्यवस्था पर ध्यान न देने का आरोप लगाया है।
गौरतलब है कि चित्रकूट निवासी भाजपा के पूर्व सांसद ने आरोप लगाया है कि उनके पुत्र का शनिवार की देर रात को लखनऊ के पीजीआई में इलाज शुरु होने के पूर्व निधन हो गया था। इस मामले में मृतक के पिता/सांसद ने अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही बरतने के आरोप लगाकर अस्पताल के पास धरने पर बैठने की चेतावनी दी थी। इसी मामले में सोमवार को सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व सीएम ने अमर उजाला अखबार की खबर को टैग कर लिखा कि सत्ताधारी भाजपा के पूर्व सांसद के पुत्र तक को इलाज नहीं मिल पा रहा तो आम जनता के बारे में क्या कहना।
उन्होंने पांच राज्यों में चल रहे चुनाव प्रचार में जुटे भाजपा के स्टार प्रचारकों पर कटाक्ष करते हुए लिखा कि आशा है दूसरे राज्यों में चुनाव प्रचार से लौटने के बाद प्रदेश के भाजपाई मंत्री इसका संज्ञान लेंंगे, क्योंकि अभी तो उनके लिए चुनाव किसी के जीवन से अधिक महत्वपूर्ण है।
चित्रकूट। यूपी के डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने ट्वीट कर लिखा कि पीजीआई लखनऊ में पूर्व सांसद के पुत्र के दुखद निधन के संबंध में मामले को संज्ञान में लेकर उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। प्रथम जांच में संबंधित चिकित्सक को कार्य मुक्त किया जा रहा है। भविष्य में घटना की पुनरावृत्ति न हो, इस संबंध में निदेशक को चेतावनी दी गई है।
