संवाद न्यूज एजेंसी, बांदा
Updated Wed, 01 Nov 2023 01:03 AM IST
बांदा। परिवहन निगम की राजधानी बसों में अब यात्रियों को 83 रुपये कम किराया देना होगा। इसी प्रकार लखनऊ की यात्रा में 30 रुपये कम लगेंगे। यानि परिवहन निगम को बांदा डिपो मात्र से राजधानी बसों का किराया घटने से प्रति दिन करीब 20 हजार का नुकसान होगा।
एआरएम लक्ष्मण सिंह ने बताया कि बांदा से दिल्ली के लिए चार व बांदा से लखनऊ के लिए दो राजधानी बसे चलती हैं। इन बसों में अब तक साधारण बसों से 10 फीसदी अधिक किराया लिया जाता था। शासन ने अब बढ़ा किराया समाप्त कर दिया है। राजधानी बसों में भी अब साधारण बसों के बराबर किराया लगेगा।
यह संशोधित किराया मंगलवार की आधी रात से लागू हो जाएगा। बताया कि राजधानी बसों में पहले बांदा से दिल्ली 1017 रुपये किराया लगता था। किराया घटने के बाद अब यात्रियों को 934 रुपये देने होंगे। यानि 83 रुपये कम लगेंगे। बांदा से कानपुर होकर लखनऊ जाने वाली राजधानी बस में पहले किराया 355 रुपये लगता था। जो अब 325 रुपये व बांदा से फतेहपुर होकर लखनऊ जाने वाली बस में 324 की जगह 297 रुपये किराया लगेगा। यानि कि करीब 30 रुपये कम लगेंगे।
