Spread the love


बबेरू। निर्माणाधीन मकान में रेलिंग लगाते समय लोहे के पाइप मकान के पास से गुजरी 11 हजार की बिजली लाइन से छू गए। इससे दो मिस्त्री व मकान मालिक का पुत्र झुलस गया। तीनों को सीएचसी पहुंचाया गया। वहां से दोनों मिस्त्री को जिला अस्पताल रेफर किया गया। जिला अस्पताल में एक मिस्त्री ने दम तोड़ दिया, जबकि दूसरे को कानपुर रेफर किया गया है। मकान मालिक के पुत्र के मामूली झुलसने पर उसे सीएचसी में भर्ती किया गया है।

कोतवाली क्षेत्र के टोला कलां गांव निवासी मोतीलाल के निर्माणाधीन मकान में रेलिंग का काम चल रहा था। सोमवार की रात आठ बजे करीब यहां काम कर रहे झारखंड निवासी कलामुद्दीन अंसारी (28), मनोरथ थोक निवासी प्रकाश (30) लोहे के पाइपों को छत पर चढ़ा रहे थे। तभी पाइप ऊंचा करने पर पास से गुजरी 11 हजार की बिजली लाइन से पाइप छू गया।

इससे कलामुद्दीन और प्रकाश करंट में चपेट में आकर बुरी तरह से झुलस गए। उनको बचाने में मकान मालिक का पुत्र रामशंकर पाल (18) भी झुलस गया। परिजनों ने तीनों को सीएचसी पहुंचाया। वहां से प्राथमिक इलाज के बाद कलामुद्दीन व प्रकाश को जिला अस्पताल रेफर किया गया। जिला अस्पताल में देर रात कलामुद्दीन ने दम तोड़ दिया। जबकि प्रकाश को कानपुर रेफर किया गया है।

सीओ बबेरू राकेश सिंह ने बताया कि मकान में रेलिंग में काम कराते समय हादसा हुआ है। एक मिस्त्री की मौत हुई है। वह झारखंड का निवासी बताया गया है। उसके परिजनों के आने तक शव को मोर्चरी में रखाया गया है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *